L19/GARHWA : गढ़वा जिला के अंतर्गत मझिगांव में एक बुजुर्ग की हत्या की दी गई। मझिगांव थानाक्षेत्र अंतर्गत मोरबे पंचायत के चिरकुटही गांव टोला में अज्ञात अपराधियों ने 55 वर्षीय अशोक पाल की सिर कुचलकर हत्या कर दी। मृतक देर रात नए मकान के निर्माण के लिए बालू गिरवाने की बात कहकर घर से बाहर निकले थे। सुबह परिजनों को जानकारी मिली कि पास ही अशोक का शव पड़ा है। अशोक के सिर को बुरी तरह से कुचल दिया गया था। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के गहरे निशान थे। हत्या क्यों और किसने की फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक की पत्नी ने गांव के ही 2 लोगों के साथ आपसी रंजिश की बात पुलिस से कही है। परिवार के लोगों ने अशोक की हत्या की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमलेश कुमार महतो और एएसआई चंद्रशेखर आजाद पूरे दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
थाना प्रभारी ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया और सभी छानबीन में जुट गए। थाना प्रभारी ने कहा कि सिर और शरीर में चोट के निशान से ऐसा लगता है कि हत्या से पहले मृतक की बेरहमी से पिटाई की गई होगी। बाद में साक्ष्य मिटाने की नीयत से चेहरा कुचल दिया गया। थाना प्रभारी कमलेश महतो ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। मृतक अशोक पाल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 2 साल पहले उनके गांव के ही रामचंद्र पाल, वासुदेव पाल और बिगन पाल के साथ रास्ता को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की छानबीन में जुटी है।