L19 DESK : ओड़िशा के बालासोर में हुई भीषण रेल दुर्घटना में झारखंड के चार लोगों की मौत हो गयी है। मृतकों में गोड्डा के महगामा के परसा गांव निवासी बच्चू मिस्त्री (58 वर्ष), गोड्डा के ही मेहरमा के गौरीचक गांव निवासी मो शमशाद (28 वर्ष), घाटशिला निवासी जादू महतो और गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के पथलडीहा निवासी गंगा भुइयां के पुत्र पवन कुमार शामिल हैं। इनके अलावा झारखंड के 11 यात्रियों के लापता होने की बात बताई जा रही है। उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। सुचना के अनुसार, झारखंड के कुल 61 यात्री घायल हुए हैं। एक घायल का पैर फ्रैक्चर है, जिसका ऑपरेशन होना है। मरीज ने झारखंड से भेजी गयी मेडिकल टीम से बालासोर में ही ऑपरेशन करने का आग्रह किया है।
बता दे कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के अनुसार पर श्रम सचिव राजेश शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों और डॉक्टरों की टीम रविवार सुबह ही बालासोर पहुंच गयी थी। टीम में रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, रांची सदर अस्पताल के सर्जन डॉ अजीत कुमार और अन्य शामिल थे। टीम के सदस्य अस्पताल पहुंच कर घायलों और उनके परिजनों से मिले। अस्पताल में भर्ती गोड्डा के चारों घायल यात्रियों की स्थिति ठीक होने पर उनको एंबुलेंस से घर भेज दिया गया है। मृतकों के शव भी एंबुलेंस से लाये गये।