L19/Dumka : भाजपा की नेता और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया आगामी 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर 11 जून को दुमका आएंगी। वह भाजपा पार्टी द्वारा आयोजित एक रैली में भाग लेकर लोगों को संबोधित करेंगी। बता दें, सिंधिया को भाजपा द्वारा एक महीने तक चलने वाले महा जनसंपर्क अभियान का दुमका लोकसभा का प्रभारी बनाया गया है। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल के दौरान किये गये कामों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, जामा थाना क्षेत्र के कैराबनी गांव में सिंधिया की रैली आयोजित की जायेगी।
अभियान को लेकर हुई बैठक
गुरुवार को देवघर में बीजेपी की गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की इस महाजनसंपर्क अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गयी। बताया जा रहा है कि 30 जून तक यह महाजनसंपर्क अभियान को चलाया जायेगा। इसी बीच वसुंधरा राजे सिंधिया 10 जून को देवघर में शिरकत करेंगी। देवघर पहुंचकर वह शिवलोक परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद 11 जून की सुबह 9 बजे वह बैद्यनाथ मंदिर में पूजा पाठ कर दुमका के लिये रवाना हो जायेंगी। इसके बाद वह 12 जून को कोडरमा के बगोदर और गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के तोपचांची में 15 जून को जनसभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान देवघर जिलाध्यक्ष सह विधायक नारायण दास ने बैठक की अध्यक्षता की।