L19/DESK : नेशनल हाइवे 33 रांची रिंग रोड से विकास-रामपुर बाइपास को जोड़ने के लिए जल्द ही ओवरब्रिज बनेगा। NH-33 रांची-ओरमांझी के बीच विकास से वर्तमान रिंग रोड जो कांके रोड होते हुए कांठीटांड को जोड़ने के लिए मुख्य प्वांइट है वहां पर ओवरब्रिज बनाया जाएगा। जो सीधा जाकर विकास-रामपुर बाइपास में डाउन होगा।
ऐसे में रिंग रोड के वाहन सीधे रांची-बाइपास में जा सकेंगे। इसके लिए नीचे से उन्हें सड़क पार नहीं करना होगा। वहीं, फ्लाईओवर के नीचे अंडर पास रहेगा जिसके माध्यम से NH-33 में रांची से ओरमांझी-रामगढ़ जाने वाले रास्ते में वाहन सीधे आते-जाते रहेंगे। उनके आवागमन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। एनएचआई अब फ्लाईओवर निर्माण की जरूरत को देखते हुए डीपीआर तैयार कर रहा है। इंजीनियरों ने बताया कि जल्द ही इस पर भारत सरकार से स्वीकृति ली जाएगी। यह कोशिश रहेगा कि इसी वित्तीय वर्ष इस पर भी काम जल्द शुरु हो जाएगा।
बता दें, कि पहले विकास से रामपुर सेक्शन रांची रिंग रोड का ही हिस्सा था। हालांकि बाद में इस सड़क को एनएच में दबदिल कर दिया गया। जिसके बाद इसे एनएचएआई बनवा रहा है। लगभग 26 किमी रोड का निर्माण भी अब अंतिम चरण में है। दो से तीन महीने के अंदर इसे शुरु कर दिया जाएगा।
ऐसे में रांची या फिर ओरमांझी की ओर से आने वाले वाहन रांची बाइपास का उपयोग कर सीधे नामकुम होते हुए रामपुर-टाटा रोड निकल जाएगी। बता दें कि रांची रिंग रोड में एनएच 75 के रातू के तिलता में व एनएच 23 के लालगुटवा में ओवरब्रिज बनाया गया है। इसी तरह अब एनएच 33 में भी ओवरब्रिज बनाने की योजना तैयार हो रही है।
करीब 1.5 किमी का ही काम बचा
रांची-बाइपास रोड का निर्माण 26.2 किमी तक किया जा रहा है। 582 करोड़ में इसे फोरलेन किया जा रहा है। इस रोड का निर्माण लगभग 23 किमी तक होगा। 3 से 3.5 किमी रोड का काम बाकी है। इसमें भी अब लगभग दो किमी तक काम काफी तेजी गति से चल रहा है। ऐसे में एक-दो माह में शेष 1.5 किमी रोड का काम पूरा हो जाएगा। मेसर्स रामकृपाल कंस्ट्रक्शन इसका निर्माण करा रहा है।