जमशेदपुर : झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को भव्य बाइक रैली निकालने की तैयारी की जा रही है. इसको लेकर रविवार, 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में सर्वसम्मति से बाइक रैली निकालने का निर्णय लिया गया और आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई.
बैठक में तय किया गया कि 15 नवंबर को सुबह 9 बजे बाइक रैली की शुरुआत होगी. रैली में लगभग 200 बाइक शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है. आयोजकों की ओर से रैली को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक युवाओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है.
सुबह 9 बजे सुसनीगाड़िया से निकलेगी बाइक रैली, तामाकपाल में समापन
बाइक रैली की शुरुआत सुबह 9:00 बजे सुसनीगाड़िया गांव में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद होगी. तत्पश्चात रैली मुंडा बहुल गांव बागुला, तेतुलडांगा (बानागाज़ाढ़), घोड़ाधुआ (राहेढ़गोड़ा), धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन, चोईरा, सामका और चोतरो होते हुए पानीजिया पहुंचेगी, जहां दोपहर के भोजन की व्यवस्था होगी. भोजन के बाद रैली बांकी, केंदो, जामबंद, युक्तिडीह, भादुआ और खरसती होते हुए कुरकुटा डूंगरी पहुंचेगी. अंत में तामाकपाल में बाइक रैली का समापन होगा.

इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर राहुल सिंह गैंग के नाम से वायरल पोस्ट, गोलीबारी की जिम्मेदारी का दावा
भगवान बिरसा मुंडा को दी जाएगी श्रद्धांजलि
बैठक में निर्णय लिया गया कि बाइक रैली के दौरान भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके साथ ही विभिन्न मार्गों से होते हुए रैली निकाली जाएगी. आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करना और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों में उत्साह पैदा करना है. बैठक में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा और तोरण द्वार के निर्माण से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई. इस संबंध में संबंधित जनप्रतिनिधि से मुलाकात कर आवेदन देने का निर्णय लिया गया. बैठक में रैली के प्रचार-प्रसार और आयोजन की तैयारियों को लेकर भी सहमति बनी.
आयोजकों को उम्मीद है कि बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे और 15 नवंबर को झारखंड की संस्कृति, पहचान तथा भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा.
