L19/Ranchi : इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ मैनेजमेंट, रांची में इंडियन योग एसोसिएशन- झारखंड चैप्टर की ओऱ से एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन शरीक हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग सदियों से किया जाता रहा है। इसकी जड़ें हमारी भारतीय विरासत में गहरी हैं और अब तो ये विश्व के स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। दुनिया भर में लाखों लोगों ने योग को अपनाया है और इसका महत्व समझा है।
राज्यपाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक आसन या व्यायाम नहीं है, यह एक समग्र जीवनशैली है जो हमें स्वस्थ जीवन जीने के लिये प्रेरित करता है। यह तनाव को कम करने और विचारों में स्पष्टता लाने के लिये कारगर है। इसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी होनी चाहिये।
अपने संबोधन के दौरान राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा हाथ है। उनके पहल से संयुक्त राष्ट्र संघ ने विश्वभर में योग के प्रति जागरुकता लाने के उद्देश्य से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में बहुत से लोग मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित है, जो अन्य बीमारियों को भी जन्म देती है। बदलते जीवनशैली के कारण युवाओं में भी विभिन्न किस्म की बीमारियां देखने को मिल रही हैं। ऐसे में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है, यह जीवन में अत्यंत लाभकारी है। इसे अपनाकर लोग अपनी सेहत पर इसके गहन सकारात्मक प्रभाव का अनुभव कर सकते हैं। इसी के साथ उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया।