Bokaro : बोकारो की DC विजया जाधव का तबादला हो गया है। आम भाषा में कहें तो उनका ट्रांसफर हो गया है। विजया जाधव काफी लबें समय तक विवादों में बनी रहीं हैं। विवादों से उनका नाता कभी सांसद, विधायक तो कभी योजनाओं में हो रहे भ्रष्टाचार का भांडाफोड़ करने की वजह से जुड़ता रहा है।
कभी अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलवाने के लिये, तो कभी अवैध शराब के धंधों पर भी नकेल कसने के लिये वह अकसर सुर्खियों में रहीं। वह भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस वाली कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उनका नाम सबसे ज्यादा चर्चाओं में तब आया, जब उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की महत्वकांक्षी स्कीम मंईयां सम्मान योजना के एवज में हुई बड़ी धांधली का पर्दाफाश किया था। इसके बाद हालिया बजट सत्र के दौरान बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने विजया जाधव पर मनमानी और उद्दंडता का आरोप लगाया था। ये मामला विधानसभा पटल तक जा पहुंचा। विधायकों के आग्रह पर विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्रनाथ महतो ने डीसी विजया जाधव पर कार्रवाई करने का आश्वासन दे दिया था।
इससे पूर्व एक मीटिंग के दौरान डीसी विजया जाधव और सांसद ढुल्लू महतो के बीच ज़ोरदार बहस छिड़ गयी थी, जो काफी सुर्खियों में रहा। हालांकि, इन सबस से पहले भी विजया जाधव अपने तीखे तेवर और कड़क लहज़े की वजह से विवादों में रही हैं। बोकारो में डीसी रहते उन्होंने तकरीबन 15 महीने अपनी सेवा दी। गौर करने वाली बात ये है कि 13 फरवरी 2024 को विजया जाधव बोकारो की पहली महिला डीसी बनीं। अब उनकी जगह पर अजय नाथ झा को बोकारो का नया DC बनाया गया है। मगर विजया जाधव को अभी तक किसी जिले का प्रभार नहीं मिला है। ऐसे में उन्हें और उनके साथ साथ वैसे अधिकारी जो प्रभार रहित हैं, उन्हें फिलहाल सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग में सेवा देने का निर्देश दिया गया है।
बोकारो के साथ-साथ राज्य के अन्य 20 जिलों के IAS अफसरों का भी ट्रांसफर हुआ है। इस बदलाव में आदित्य रंजन को धनबाद और फैज अक अहमद मुमताज को रामगढ़ का DC नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, अंजलि यादव को गोड्डा, आर रॉनिटा को खूंटी जिले में बतौर डीसी सेवा देने का निर्देश दिया गया है। वहीं, रामनिवास यादव को गिरिडीह, नमन प्रियेश लकड़ा को देवघर, कंचन सिंह को सिमडेगा, प्रेरणा दीक्षित को गुमला का उपायुक्त बनाया गया है। शशि प्रकाश सिंह को हजारीबाग, कुमार ताराचंद को लोहरदगा, कीर्तिश्री को चतरा, ऋतुराज को कोडरमा, समीरा एस को पलामू, नीतीश कुमार सिंह को खरसावां और कर्ण सत्यार्थी को जमशेदपुर का डीसी नियुक्त किया गया है। इसी कड़ी में रवि आनंद को जामताड़ा,चन्दन कुमार को चाईबासा और दीनेश कुमार यादव को गढ़वा जिले में डीसी का कार्यभार मिला है।
खैर, आज के लिये इतना ही। अगर आपको ये जानकारी पसंद आयी हो, तो इस वीडियो को ज़रूर से लाइक और शेयर करें, हमारे चैनल लोकतंत्र 19 को फेसबुक पर फॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब करना न भूलें।