L19/RANCHI : रांची के जेवियर इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (XISS) में शुक्रवार को राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन का आयोजन राँची के सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (C3), जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (XISS) व द इंडियन एसोसिएशन फॉर वोमेंस स्टडीज (IAWS) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने ‘पूर्वी भारत में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और महिला समूहों की भूमिका’ विषय पर सम्मेलन को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि हमारे इतिहास में कई ऐसी महिलाओं का उल्लेख मिलता है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित किया। आज हमारे देश की महिलाएं प्रगति के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और अपने योगदान से देश-विदेश में नाम रोशन कर रही हैं। हमारी प्राचीन सभ्यता-संस्कृति में भी महिलाओं का बहुत आदर व सम्मान था। महिलाएं हमेशा हमारे सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक लोकाचार प्रणाली की रीढ़ रही हैं। समस्त विकास के लिए महिला व पुरुष दोनों का सशक्त होना बेहद आवश्यक है।
राज्यपाल ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में देश के राष्ट्रपति पद को माननीया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा सुशोभित करना महिला सशक्तिकरण का हमारे देश में एक सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत करता है। शिक्षा व्यक्ति के सशक्तिकरण का उच्च साधन है। इसलिए प्रत्येक बालिका को उचित शिक्षा मिलनी चाहिए। यदि एक लड़का शिक्षा प्राप्त करता है, तो वह अकेला शिक्षित होता है, लेकिन अगर किसी परिवार में एक लड़की शिक्षा ग्रहण करती है, तो पूरे परिवार को लाभ होता है। महिलाओं की जागरूकता हमारे देश व समाज के लिए शुभ संकेत है।
उन्होंने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण एक वैश्विक मुद्दा है। समाज या राष्ट्र का विकास महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर निर्भर करता है। महिला समूहों ने लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वयं सहायता समूह के ज़रिए महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकता और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। झारखंड में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास पर स्वयं सहायता समूहों का प्रभाव महत्वपूर्ण रहा है।
अवसर पर XISS के निदेशक डॉ० जोसेफ एम० कुजूर, C3 की कार्यकारी निदेशक डॉ० अपराजिता गोगोई, IAWS की अध्यक्षा प्रो० इशिता मुखोपाध्याय सहित अन्य ने भी राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया।