RANCHI : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. उत्तर प्रदेश से लौट रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य में दिखाई देने लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 12 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

आज 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 9 सितंबर को राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है. वहीं राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. रांची और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को भी छिटपुट बारिश दर्ज की गई थी.
10 सितंबर को रांची समेत इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 10 सितंबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह और धनबाद में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. इन जिलों में तेज हवा के साथ वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 12 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात का दौर जारी रहने का अनुमान है.
खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. बारिश और आंधी के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है. मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है.
वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत
मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को झारखंड के सिमडेगा और रामगढ़ जिले में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई.सिमडेगा जिले के बांसजोर प्रखंड के कछुपानी गांव में 45 वर्षीय सुनीता डुंगडुंग वज्रपात की चपेट में आ गईं. हादसे में उनकी मौत हो गई.वहीं, रामगढ़ जिले के बलसगरा कठरेहवा निवासी 50 वर्षीय नरेश महतो की भी वज्रपात से मौत हो गई. बताया गया कि घटना के समय नरेश महतो मवेशी चरा रहे थे.
रांची में सामान्य से 13 फीसदी ज्यादा बारिश
इस मानसून सीजन में राजधानी रांची में अब तक सामान्य से करीब 13 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. ऐसे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ सकता है. झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
इसे भी पढ़े : TMC सांसद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, रांची-कोलकाता-दिल्ली में 7 जगहों पर छापेमारी
रिपोर्ट : विजय ठाकुर
