L19/ Sahebganj : संताल परगना के साहेबगंज की रहने वाली युवती की अधजली लाश 14 महीने पहले पुलिस को मिली थी। पुलिस ने इस हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अरबाज आलम, मिस लता टुडू, प्रियंका और साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मानव तस्करी का मामला सामने आया है।
पुलिस ने जांच के बाद खुलासा किया है कि मुख्य आरोपी अरबाज आलम ने सोशल मीडिया के जरिए सुशीला को प्यार में फंसाया उसके बाद उससे शादी कर ली। अरबाज सुशीला को देह व्यापार के क्षेत्र में धकेलना चाहता था, जिसको लेकर उसने भूमिका भी तय कर उसे बेचने की साजिश रची थी। सुशीला ने जब इसका विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद लाश की पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसे पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया गया था। मृतका के शव की पहचान साहेबगंज जिले के बरहेट थानाक्षेत्र अंतर्गत संजोरी गांव की रहने वाली 26 वर्षीय सुशीला हांसदा के रूप में की गयी थी।
हत्या के बाद मृतिका सुशीला के भाई जॉनसन ने बताया था कि उसकी बहन 11 जनवरी 2022 को घर से निकली थी। उसने बताया था कि वह दुमका अपनी सहेली से मिलने जा रही है। सोशल मीडिया और फोन रिकॉर्ड पर जब पुलिस ने हाथ डाला तो पाया कि इससे हत्याकांड के कई सिरे जुड़े हैं। साहेबगंज एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा द्वारा गठित एसआईटी ने केरल से सुशीला हत्याकांड के मुख्य आरोपी अरबाज और उसकी पत्नी मिसलता टुडू उर्फ रेहिना बीवी को गिरफ्तार किया।
सुशीला हांसदा 11 जनवरी 2022 को शिकारीपाड़ा आयी थी। अरबाज ने सुशीला से शादी की। इससे पहले अरबाज ने मिसलता टुडू नाम की एक आदिवासी महिला से पहले ही शादी कर ली थी। एक दिन सुशीला ने अरबाद को किसी से फोन पर बातचीत करते हुए सुना जिसमें उसे बेचने की बात हो रही थी। अरबाज सुशीला के 50 रुपए मांग रहा था जबकि दूसरी तरफ वाला व्यक्ति 30 हजार रुपए देने पर अड़ा था। सुशीला ने जब इस इस संबंध में सवाल किए और किसी और के पास जाने से इनकार कर दिया तो अरबाज और उसके साथियों ने मिलकर सुशीला की हत्या कर दी। शव में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दिया गया।