RANCHI : झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और शनिवार, 25 जुलाई को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं.

कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि नदियों और नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून का असर बना रहेगा और कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने, अनावश्यक यात्रा नहीं करने तथा मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.
बारिश का यह दौर किसानों के लिए राहत लेकर आया है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है. ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें और सावधानी बरतें.
