RANCHI : राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर के रोड नंबर 5बी में बुधवार देर रात करीब दो बजे गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से एक घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात बॉडीगार्ड की नजर दोनों संदिग्धों पर पड़ गई. उसने बदमाशों को रोकने और पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक बॉडीगार्ड ने आत्मरक्षा और संदिग्धों को डराने के उद्देश्य से अपना लाइसेंसी हथियार निकाला और फायरिंग करने का प्रयास किया. इसी दौरान अचानक गोली चल गई और वह खुद ही गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा. गोली चलने की आवाज सुनकर दोनों संदिग्ध मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए.

बॉडीगार्ड खुद ही गोली लगने से घायल !
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. घायल बॉडीगार्ड को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के दौरान गोली किस परिस्थिति में चली और बदमाशों का उद्देश्य केवल चोरी था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी. घटना के बाद अशोक नगर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
इसे भी पढ़े : हजारीबाग : 100 करोड़ की जमीन घोटाला, कोर्ट के आदेश पर FIR
