RANCHI : डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में दर्ज कांड को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है. एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है.मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी गई हैं एसोसिएशन के मुताबिक, उसकी विभिन्न शाखाओं के साथ जिला बल और सशस्त्र बल के सदस्यों ने भी आंदोलन के समर्थन में सहमति जताई है.
पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और धमकी का आरो

झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से आरोप लगाया गया है कि डुमरी विधायक जयराम महतो बरवाअड्डा थाना परिसर में पहुंचे और कथित तौर पर सरकारी काम में बाधा डाली। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने, धक्का-मुक्की करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
एसोसिएशन का कहना है कि पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में कानून के तहत त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
अनुसंधान में देरी नहीं करने की मांग
एसोसिएशन ने मामले के वरीय पर्यवेक्षक पदाधिकारियों से अनुसंधान में किसी तरह की जानबूझकर देरी नहीं करने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष और तेजी से पूरी कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव-सह-कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय ने कहा कि पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में यदि कार्रवाई नहीं होती है, तो एसोसिएशन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी की जा रही है।
एसोसिएशन के अनुसार, आंदोलन को लेकर विभिन्न शाखाओं, जिला बल और सशस्त्र बल के पुलिसकर्मियों से सहमति ली गई है। अब सभी की नजर मामले में पुलिस प्रशासन और जांच अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर है।
इसे भी पढ़े :जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस एसोसिएशन की ATS शाखा ने दी आंदोलन की चेतावनी
