HAZARIBAGH : झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दनुआ घाटी क्षेत्र में करीब 6 बजे SUV और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है.
ओवरटेक की कोशिश बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि SUV चालक तेज रफ्तार में ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और सामने चल रहे ट्रक से भीषण टक्कर हो गई. हादसा इतना भयानक था कि SUV पूरी तरह चकनाचूर हो गई. पहले चार लोगों की मौत की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में पुलिस ने वाहन से दो और शव बरामद किए, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई.
पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं. 42 वर्षीय शिव कुमार भुइयां अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ धनबाद से गया एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.
