L19 Desk : उत्तरप्रदेश इटावा में नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस (02570) में आग लग गई। ट्रेन का S-1 कोच पूरी तरह जल गया। चलती ट्रेन में धुआं उठता देख यात्रियों में भगदड़ मच गई। उन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई। दो यात्रियों के झुलसने की जानकारी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल यात्रियों के मुताबिक आग स्लीपर एस-वन व एसएलआर कोच दोनों में लगी थी। जो आंशिक रूप से एस-टू में भी पहुंची। बोगी में क्षमता से लगभग डेढ़ गुने (72 के स्थान पर 118 ) यात्री सवार थे। ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कानपुर- दिल्ली पर रेल मार्ग पर ओएचई बंद कर दी गई। रात 8:18 बजे रूट पर ट्रेनों का संचालन चालू हो सका।
