L19 DESK : भाजपा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार रात 189 उम्मीदवारों की सूची जारी की। टिकट पानेवालों में सिर्फ 8 महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र अपने पिता के शिकारीपुरा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि अपनी परंपरागत चिकमंगलूर सीट से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री आर अशोक को दो सीटों से मैदान में उतारा जा रहा है।
वे राज्य के कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार के खिलाफ कनकपुरा से और इसके अलावा पद्मनाभनगर सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। मंत्री वी सोमन्ना भी दो सीटों पर अपनी किस्मत आजमाएंगे। वरुणा सीट से उनका मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से होगा। पार्टी ने उन्हें चामराजनगर से भी टिकट दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के. चिक्कबल्लापुर सीट तो मंत्री डॉ. अश्वथनारायण सीएन मल्लेश्वरम सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा ने अन्य पिछड़ा वर्ग से 32, अनुसूचित जाति से 30, अनुसूचित जनजाति से 16, और पांच अधिवक्ताओं को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से उम्मीदवारों की सूची जारी की।