RANCHI : झारखंड हाईकोर्ट ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी पवन कुमार मंडल की वरिष्ठता के अनुरूप पदस्थापन नहीं किए जाने पर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है. अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह छह सप्ताह के भीतर 2014 बैच के IAS अधिकारी पवन कुमार मंडल को अपर सचिव या उसके समकक्ष पद पर पदस्थापित करे.
न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि जब 2015 बैच के कनिष्ठ अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर नियुक्त किया जा चुका है, तो उनसे वरिष्ठ 2014 बैच के अधिकारी को संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है. दरअसल, पवन कुमार मंडल ने अपनी वरिष्ठता के बावजूद संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखे जाने को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. उन्होंने अदालत से अपर सचिव या उसके समकक्ष पद पर पदस्थापन का आदेश देने की मांग की थी.
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सौरभ शेखर ने अदालत को बताया कि पवन कुमार मंडल मूल रूप से झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे. बिहार और झारखंड के विभाजन के बाद उन्हें झारखंड कैडर आवंटित किया गया था. भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति से पहले वह महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे.
भारत सरकार ने 20 अप्रैल को अधिसूचना जारी कर उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति दी थी और 2014 बैच आवंटित किया था. हालांकि, पदोन्नति के बाद भी राज्य सरकार ने उन्हें संयुक्त सचिव के पद पर ही बनाए रखा. इस बीच, उनसे कनिष्ठ 2015 बैच के कई अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर पदस्थापित कर दिया गया. इसी आधार पर उन्होंने वरिष्ठता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट का रुख किया.
संपत्ति विवरण जमा नहीं करना बना सरकार की दलील
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई कि पवन कुमार मंडल ने वर्ष 2025 का अपना वार्षिक संपत्ति विवरण निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा नहीं किया था. सरकार के अनुसार, इसी कारण उन्हें अपर सचिव के पद पर पदस्थापित करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई.
राज्य सरकार ने संबंधित प्रशासनिक निर्देशों और नियमों का हवाला देते हुए कहा कि निर्धारित समय में संपत्ति विवरण जमा नहीं करने वाले अधिकारी के पदस्थापन अथवा पदोन्नति के प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जा सकता. सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों के तहत संपत्ति विवरण ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार करने का प्रावधान नहीं है. हालांकि, अदालत ने सरकार की इस दलील को पर्याप्त नहीं माना. न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कनिष्ठ अधिकारियों को उच्च पदों पर पदस्थापित किए जाने और वरिष्ठ अधिकारी को अपेक्षाकृत निचले पद पर बनाए रखने के औचित्य पर सवाल उठाया.
छह सप्ताह में आदेश जारी करने का निर्देश
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर पवन कुमार मंडल को अपर सचिव या उसके समकक्ष उपयुक्त पद पर पदस्थापित करने का औपचारिक आदेश जारी करने का निर्देश दिया. हाईकोर्ट के इस आदेश से राज्य के प्रशासनिक महकमे में अधिकारियों की वरिष्ठता और पदस्थापन के बीच सामंजस्य का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
इसे भी पढ़े : संथाल बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं कर सकते, झारखंड हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी
