RANCHI/SAHEBGANJ : झारखंड के साहेबगंज जिले के राजमहल में युवती को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
19 नवंबर को युवती को मारी गई थी गोली
मामला राजमहल थाना क्षेत्र के मंगलहाट स्थित टिक्कर टोला का है. 19 नवंबर 2026 की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि केदार मंडल की बेटी गौरी कुमारी को गोली लगने से वह घायल हो गई हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजमहल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की.

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन मंडल, मनीष मंडल और भोला प्रमाणिक के रूप में हुई है. तीनों राजमहल के मलाही टोला के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस का दावा है कि बरामद दोनों कट्टों का इस्तेमाल घटना में किया गया था.
दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 422/26, दिनांक 19 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, बरामद हथियारों को लेकर राजमहल थाना कांड संख्या 424/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के अंतर्गत अलग से मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 21 नवंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.
छापेमारी टीम में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल
विशेष छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत, राजमहल थाना के पवन कुमार और अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रवि शंकर झा और नन्द कुमार यादव सहित राजमहल थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे.
