GODDA / RANCHI :गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड क्षेत्र के तेलोधुनी गांव में पहाड़ी पर बन रही सड़क के निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है. सड़क निर्माण के स्वीकृत नक्शे और उसकी दिशा पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों को आशंका है कि अगर इसी दिशा और ढलान के अनुसार सड़क का निर्माण पूरा हुआ, तो भविष्य में यहां दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी पर सड़क निर्माण के लिए जिस दिशा का चयन किया गया है, वहां ढलान काफी सीधा है. ऐसे में इस रास्ते से वाहनों का आवागमन जोखिम भरा हो सकता है. खासकर बारिश के मौसम में फिसलन और तेज ढलान के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दूसरी तरफ पर्याप्त जमीन उपलब्ध है. यदि सड़क निर्माण की दिशा में बदलाव किया जाए, तो पहाड़ी की ऊंचाई और ढलान को कम किया जा सकता है. इससे सड़क का रास्ता अपेक्षाकृत सुरक्षित होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो सकती है.
मामले की जानकारी मिलने के बाद विभागीय कनीय अभियंता (जेई) ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया है. हालांकि, निरीक्षण के बाद भी सड़क के नक्शे में बदलाव होगा या नहीं, इस पर अब तक कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है.
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क निर्माण में जल्दबाजी करने के बजाय पहले तकनीकी पहलुओं की जांच की जाए. उनका कहना है कि विकास के लिए सड़क जरूरी है, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
ग्रामीणों का सवाल है कि जब दूसरी तरफ जमीन उपलब्ध है और वहां कम ढलान के साथ सड़क बनाई जा सकती है, तो मौजूदा दिशा पर ही निर्माण क्यों किया जा रहा है? अब देखना होगा कि विभाग ग्रामीणों की आपत्तियों पर क्या कदम उठाता है और निर्माण कार्य में बदलाव को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है.
इसे भी पढ़े :हजारीबाग में NIA की छापेमारी खत्म, दो सगे भाइयों के घर से प्रिंटर और कई दस्तावेज जब्त
