RANCHI : दीपावली से पहले राजधानी रांची के पटाखा कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पटाखा दुकानों के संचालन को लेकर रांची नगर निगम और जिला प्रशासन के बीच सहमति बन गई है. अब पूर्व वर्षों की तरह इस साल भी निर्धारित स्थलों पर पटाखों की बिक्री की जा सकेगी. हालांकि, इसके लिए जिला प्रशासन से विधिवत अनुमति लेना और सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा.
दरअसल, एक दिन पहले रांची नगर निगम ने आम सूचना जारी कर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में पटाखा बिक्री के लिए एनओसी या किसी तरह की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. निगम ने दुकानदारों को परिसर में अस्थायी दुकान या शेड लगाने की तैयारी नहीं करने का निर्देश भी दिया था. इस आदेश के बाद पटाखा कारोबारियों के बीच दुकान लगाने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी.
बैठक के बाद दूर हुआ असमंजस
शनिवार को जिला प्रशासन और रांची नगर निगम की टीमों के बीच इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण बैठक हुई. रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर हुई बैठक में पूर्व वर्षों की तरह निर्धारित स्थानों पर पटाखा बिक्री की अनुमति देने पर सहमति बनी. नगर निगम ने भी इस व्यवस्था पर अपनी सहमति जता दी. जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिला प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त दुकानदार ही निर्धारित स्थलों पर पटाखों की दुकान लगा सकेंगे.
सुरक्षा नियमों का करना होगा पालन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पटाखा बिक्री के दौरान सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा. बिना प्रशासनिक अनुमति कोई भी दुकानदार दुकान नहीं लगा सकेगा. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों को नियमों का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है.
पटाखा कारोबारियों को मिली राहत
नगर निगम की ओर से जारी पहले के आदेश के बाद पटाखा दुकानदारों के सामने कारोबार को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी. अब जिला प्रशासन और नगर निगम के बीच सहमति बनने से कारोबारियों को राहत मिली है. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने भी स्पष्ट किया है कि दीपावली पर पूर्व वर्षों की तरह निर्धारित स्थलों पर पटाखा बिक्री की अनुमति दी जाएगी, लेकिन सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं होगा. इस फैसले के बाद अब पटाखा कारोबारियों की नजर प्रशासन की ओर से जारी होने वाली अनुमति और दुकान लगाने की अंतिम व्यवस्था पर रहेगी.
