जमशेदपुर : झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को भव्य बाइक रैली निकालने की तैयारी की जा रही है. आदिवासी मुंडा समाज विकास समिति, पूर्वी सिंहभूम की मासिक बैठक रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को घाटशिला के कुरकुटा डूंगरी, तामाकपाल में आयोजित की गई. अक्टूबर माह के अंतिम रविवार को आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता समिति के मुख्य संरक्षक एवं धालभूमगढ़ के जिला परिषद सदस्य हेमंत मुंडा ने की. बैठक में संरक्षक स्वपन मुंडा, मुख्य सलाहकार सुकरा मुंडा, सलाहकार विजय कुमार मानकी समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति की युवा टीम की ओर से 15 नवंबर 2026 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बाइक रैली निकाली जाएगी. रैली में करीब 200 बाइकों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है. प्रत्येक बाइक पर समाज के लिए संदेश लिखी एक तख्ती लगाई जाएगी, ताकि लोगों तक सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सके.
सुबह 9 बजे सुसनीगाड़िया से निकलेगी बाइक रैली, तामाकपाल में समापन
बाइक रैली सुबह 9 बजे सुसनीगाड़िया गांव में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू होगी. इसके बाद HCL गेट के सामने स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। तत्पश्चात रैली बागुला, तेतुलडांगा (बानागाज़ाढ़), घोड़ाधुआ (राहेढ़गोड़ा), धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन, चोईरा, सामका और चोतरो होते हुए पानीजिया पहुंचेगी, जहां दोपहर के भोजन की व्यवस्था होगी. भोजन के बाद रैली बांकी, केंदो, जामबंद, युक्तिडीह, भादुआ और खरसती होते हुए कुरकुटा डूंगरी पहुंचेगी. अंत में तामाकपाल में रैली का समापन होगा.

इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर राहुल सिंह गैंग के नाम से वायरल पोस्ट, गोलीबारी की जिम्मेदारी का दावा
भगवान बिरसा मुंडा को दी जाएगी श्रद्धांजलि
समिति ने निर्णय लिया कि रैली के दौरान मुंडा बहुल गांवों का भ्रमण किया जाएगा. इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से समाज के लोगों को उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया जाएगा. रैली का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में जागरूकता बढ़ाना है.
बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 अक्टूबर 2026 को विधायक को कुरकुटा डूंगरी, तामाकपाल परिसर में एक भवन और तोरण द्वार के निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा जाएगा. इसके अलावा निकट भविष्य में समाज के लोगों के लिए रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर भी सहमति बनी.
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में समिति के मुख्य संरक्षक एवं धालभूमगढ़ के जिला परिषद सदस्य हेमंत मुंडा, संरक्षक स्वपन मुंडा, मुख्य सलाहकार एवं धालभूमगढ़ के उपप्रमुख सुकरा मुंडा, सलाहकार विजय कुमार मानकी सहित बबलू मुंडा, तूफान चंद्र मान, देवदुलाल मुंडा, गौरव मानकी, तापस मानकी, जयदेव मुंडा, विश्वनाथ मुंडा, मोनोतोष मुंडा, विमल मुंडा, बैद्यनाथ मुंडा, विश्वजीत मानकी, प्रकाश मुंडा, इंद्रजीत मुंडा और देवानंद सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे.
