Ranchi : झारखंड में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर से राज्य में बारिश का दौर शुरू हो सकता है. वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत हो सकता है. पूर्वानुमान के मुताबिक, यह मौसमी तंत्र गहरे अवदाब में बदलने के बाद चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर जाने की संभावना है. इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ सकता है.
27 अक्टूबर से बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को झारखंड के पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और तापमान में बदलाव की संभावना है.
28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 29 अक्टूबर को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. राजधानी रांची में भी इन दोनों दिनों में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं. हालांकि, रांची में भारी बारिश की अलग से पुष्टि नहीं की गई है. बारिश की तीव्रता चक्रवाती तंत्र की दिशा और मजबूती पर निर्भर करेगी.
आज रांची में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 अक्टूबर को सुबह के समय हल्का कुहासा छाने और बाद में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 26 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है. वहीं, 27 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए 28 और 29 अक्टूबर को यात्रा या बाहरी गतिविधियों की योजना बनाने वाले लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए. गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए.
इसे भी पढ़े : गैंगस्टर राहुल सिंह गैंग के नाम से वायरल पोस्ट, गोलीबारी की जिम्मेदारी का दावा
