हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में शनिवार रात KTM शोरूम के बेसमेंट स्थित सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई. घटना शहर के हूडहूडु इलाके की है. आग लगते ही परिसर में धुआं भर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय सर्विस सेंटर के बेसमेंट में सर्विसिंग के लिए कई दोपहिया वाहन खड़े थे. आग फैलने की आशंका को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई. बेसमेंट में घना धुआं होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

सर्विस सेंटर में खड़े थे 15 से 20 दोपहिया वाहन
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय सर्विस सेंटर में करीब 15 से 20 दोपहिया वाहन मौजूद थे. हालांकि, इनमें से कितने वाहन आग की चपेट में आए और कितना नुकसान हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
एक दिन पहले सर्विस के लिए दी थी स्कूटी
घटना के बाद एक ग्राहक की चिंता भी सामने आई है. ग्राहक के अनुसार, उन्होंने अपनी स्कूटी एक दिन पहले ही सर्विसिंग के लिए शोरूम में जमा की थी. शोरूम में आग लगने की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे. अब उन्हें अपनी स्कूटी की स्थिति को लेकर चिंता है. हालांकि, उनकी स्कूटी को नुकसान पहुंचा है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
अग्निशमन विभाग की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है. इस घटना के बाद व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम और बेसमेंट में संचालित सर्विस सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अब जांच के बाद ही आग से हुए नुकसान और घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
