RANCHI : झारखंड के खिलाड़ियों और पूर्व खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार की ओर से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन देने और राज्य के खिलाड़ियों को पदक के आधार पर सम्मान राशि उपलब्ध कराने को लेकर उच्चस्तरीय समिति की बैठक हुई. बैठक में सम्मान राशि और खिलाड़ी पेंशन से जुड़े आवेदनों पर विस्तार से विचार किया गया. खेल निदेशक छवि रंजन (आईएएस) की अध्यक्षता में हुई बैठक में सम्मान राशि के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई. समिति ने 510 आवेदनों पर विचार करने के बाद 493 खिलाड़ियों को सम्मान राशि के लिए योग्य पाया. इन खिलाड़ियों के बीच करीब 4.51 करोड़ रुपये की सम्मान राशि वितरित की जाएगी.
इसे भी पढें : DySP अमर पांडेय की जांच की मांग, CM तक पहुंची शिकायत
24 खेल विधाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी शामिल
जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 तक पदक के आधार पर सम्मान राशि के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 911 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से कार्यालय स्तर पर पदक से संबंधित प्रमाणपत्रों और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद 510 आवेदनों को समिति के समक्ष रखा गया. योग्य पाए गए खिलाड़ियों ने कुल 24 खेल विधाओं में पदक हासिल किए हैं. इनमें हॉकी, फुटबॉल, लॉन बॉल, मॉडर्न पेंटाथलॉन, तीरंदाजी, जिम्नास्टिक, वुशु, एथलेटिक्स, साइकिलिंग, गतका, मुक्केबाजी, नेटबॉल, कुश्ती, भारोत्तोलन, शूटिंग, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, रग्बी, स्क्वॉश, स्केटिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन और पैरा गेम्स शामिल हैं.
खिलाड़ियों ने जीते 241 स्वर्ण और 136 रजत पदक
समिति के समक्ष रखे गए आवेदनों में शामिल खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में पदक जीते हैं. इनमें 241 स्वर्ण, 136 रजत और 107 कांस्य पदक शामिल हैं. इसके अलावा 9 साझा पदक भी खिलाड़ियों के खाते में दर्ज हैं. समिति ने शेष सम्मान राशि से जुड़े आवेदनों के साथ-साथ प्रशिक्षकों से प्राप्त आवेदनों पर भी आगे विचार करने की अनुशंसा की है. इसके लिए अगली बैठक आयोजित करने का निर्णय प्रस्तावित किया गया है.
खिलाड़ी पेंशन योजना के 21 आवेदनों की हुई जांच
बैठक में झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत प्राप्त 21 आवेदनों की भी समीक्षा की गई. जांच के बाद इनमें से सिर्फ दो आवेदनों को पेंशन के लिए योग्य पाया गया. वहीं, अन्य आवेदनों में जरूरी दस्तावेज और अभिलेख उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई. समिति ने संबंधित आवेदकों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने की अनुशंसा की है, ताकि पात्रता की जांच पूरी होने के बाद उनके आवेदनों पर आगे निर्णय लिया जा सके.
पेंशन योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर
बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि खिलाड़ी पेंशन योजना के लिए अपेक्षाकृत कम संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं. इसे देखते हुए योजना की जानकारी अधिक से अधिक पूर्व खिलाड़ियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है. समिति ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राज्य के सभी उपायुक्तों को पत्र भेजने की अनुशंसा की है. इसके माध्यम से पात्र पूर्व खिलाड़ियों को योजना की जानकारी देने और उन्हें आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा.
