JAMSHEDPUR/RANCHI : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जनजातीय समुदाय से जुड़े मुद्दों, UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं और उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई. बैठक में UCIL के CMD डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास समेत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पदाधिकारी मौजूद रहे.

जादूगोड़ा के प्रभावित इलाकों का किया स्थल निरीक्षण
समीक्षा बैठक से पहले डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में आयोग के आठ सदस्यीय दल ने पूर्वी सिंहभूम जिले के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र का दौरा किया. आयोग की टीम ने ग्राम मेचुआ, इचरा समेत आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और मांगें जानीं. ग्रामीणों ने आयोग के समक्ष प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विस्थापित परिवारों को रोजगार और उचित मुआवजा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं. आयोग ने ग्रामीणों की ओर से उठाए गए इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

जनजातीय कर्मचारियों की पदोन्नति और आवास का मुद्दा भी उठा
समीक्षा बैठक में UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े कई सेवा संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हुई. इनमें रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास और अन्य सेवा संबंधी समस्याएं शामिल थीं. NCST सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए.

लंबित मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
डॉ. आशा लकड़ा ने UCIL के CMD और वरिष्ठ अधिकारियों को जनजातीय समुदाय तथा कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित मामलों में आवश्यक सुधारात्मक और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने आयोग के निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा. आयोग की ओर से UCIL अधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों और निर्देशों के अनुपालन से संबंधित कार्यवाही रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे.
