RANCHI : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. राजधानी रांची समेत कई इलाकों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है.
40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
बारिश के साथ झारखंड के कई हिस्सों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है.मौसम में इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ी मौसम प्रणाली को प्रमुख वजह माना जा रहा है. इसके प्रभाव से झारखंड में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है.
15 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में 15 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. 11 और 12 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है. वहीं 13 और 14 सितंबर को भी अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है. 15 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है.
रांची में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. शहर में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है. मौसम विभाग ने रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है. आने वाले दिनों में भी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात का दौर देखने को मिल सकता है. ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
