रांची : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव अब झारखंड में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है. राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने 18 से 20 जुलाई तक कई इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस दौरान दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है. इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई. रामगढ़ में सबसे अधिक 61 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा रांची में 20 मिमी, चाईबासा में 20 मिमी, बोकारो में 10 मिमी, लोहरदगा में 10 मिमी, जमशेदपुर में 9 मिमी, कोडरमा में 7 मिमी और खूंटी में 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राजधानी रांची में देर रात तक बारिश का सिलसिला जारी रहा.
18 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रामगढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
19 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 जुलाई को भी कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना बनी रहेगी. इस दिन रांची, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा में तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
20 जुलाई तक रहेगा असर
20 जुलाई को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। इस दिन रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। लगातार तीन दिनों तक इन जिलों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा.
अब भी सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश
हालांकि पिछले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन पूरे मानसून सीजन का आंकड़ा अब भी सामान्य से पीछे चल रहा है.मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 17 जुलाई 2026 के बीच झारखंड में 216.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षापात 359.8 मिलीमीटर होना चाहिए था. यानी राज्य में अब तक लगभग 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है. राजधानी रांची की बात करें तो यहां भी स्थिति सामान्य नहीं है। इस अवधि में रांची में सामान्य से 24 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है.
लोगों के लिए क्या है सलाह ?
मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से निचले इलाकों, नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. लगातार बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करने और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढे : E20 पेट्रोल से इंजन खराब: रायपुर आयोग ने कंपनी को दी नई कार
