RANCHI : राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों से गैंग रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें : पलामू पुलिस में 2 साल से एक जगह तैनात पुलिसकर्मियों का हुआ ट्रांसफर
जानकारी के अनुसार दोनों लड़कियां लटमा इलाके की रहने वाली हैं. घटना के दिन दोनों सेल सिटी की ओर घूमने गई थीं. इसी दौरान आरोपियों ने उनका अपहरण कर लिया.
आरोपी उन्हें तुपुदाना के इंसलरी स्थित भगवान होटल ले गए और वहां रात भर गैंग रेप किया. मामले का खुलासा तब हुआ जब एक लड़की किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकली और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों से तुपुदाना ओपी और धुर्वा थाना में पूछताछ की जा रही है.
मामले की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा भी मौके पर पहुंचे और जांच कर रहे हैं. हटिया डीएसपी नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी और तुपुदाना ओपी प्रभारी भी घटनास्थल पहुंचे.
दूसरी लड़की को पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है. होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है. दोनों नाबालिगों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.
पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत धुर्वा थाना तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले का पूरा खुलासा सोमवार को होने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में हर महीने मनाया जाएगा ‘मंईयां सम्मान दिवस’, एक साथ 51 लाख लाभुकों को मिलेगी राशि
