रांची : राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने के मामले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में इस साजिश के तार दुबई तक जुड़ने के संकेत मिले हैं. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि उनमें से एक आरोपी पहले दुबई में काम कर चुका है और वहीं उसकी मुलाकात कुछ संदिग्ध लोगों से हुई थी। जांच एजेंसियां यह भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस मामले का संबंध पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और टीटीएच नामक संगठन से है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.

इस मामले में गुरुवार को उस समय नया मोड़ आया, जब गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की. पुलिस का आरोप है कि उसने एक जवान का हथियार छीन लिया, जिसके बाद उसे रोकने के लिए गोली चलानी पड़ी। गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इसे भी पढे : झारखंड में कमजोर पड़ा मानसून, 18 दिनों में 59% कम बारिश; किसानों की बढ़ी चिंता
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी राकेश रंजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मांडर स्थित घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और संभावित वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस मामले में कोई बड़ा नेटवर्क या स्लीपर सेल सक्रिय था.
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं। मामले में सामने आए अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन के दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी
