RANCHI : भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम पंचायत लालखटंगा स्थित रिंग रोड में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया.कार्यक्रम की शुरुआत गांव के पहान चरखा पहन और प्रकाश मुंडा द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद प्रतिमा से आवरण हटाकर उसका अनावरण किया गया तथा पहान द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
इसे भी पढ़े : यौन हिंसा मामलों में हाईकोर्ट सख्त, पीड़ितों की सुरक्षा के लिए जारी किए 19 अहम निर्देश

पुण्यतिथि पर लालखटंगा में आदमकद प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज के जननायक और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है. उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और अधिकारों के प्रति जागरूक और प्रेरित करने का कार्य करेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि देश की भावी पीढ़ियां भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान से प्रेरणा लेकर एक नए भविष्य का निर्माण करेंगी.
इसे भी पढ़े : एशिया कप में चमके झारखंड के सितारे, रांची लौटने पर खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत
उन्होंने लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलकर समरस, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया.कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन लालखटंगा पंचायत की मुखिया श्रीमती पुष्पा तिर्की ने किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा (15 नवंबर 1875 – 9 जून 1900) भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जनजातीय आदिवासी सेनानी और मुंडा समाज के लोकनायक थे. उनका जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की मिसाल है.इस अवसर पर पूर्व मुखिया रितेश उरांव, ग्राम प्रधान राजेश टोप्पो, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय धीरज महतो, उपमुखिया अजय मुंडा, अनिरुद्ध पांडेय, गोपाल चौधरी, संतोष पांडा, अबुआ अधिकार मंच के वेदांत कौशल, दीपक मुंडा, मादेव मुंडा, गोरखनाथ सिंह, प्रमोद सिंह, लक्ष्मण मुंडा, राजू नायक, समीर राय, सुनील मुंडा, राजेंद्र ठाकुर, रूपल कच्छप, सविता देवी, सुशील उरांव, मीरा खलखो, सुनीता कश्यप सहित लालखटंगा पंचायत के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम ने उनके संघर्ष, बलिदान और जनजागरण के संदेश को एक बार फिर जीवंत कर दिया. उनकी प्रतिमा अब क्षेत्र के लोगों और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी.
