RANCHI : यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग टिकट की समस्या को देखते हुए रांची रेल मंडल ने बड़ा फैसला लिया है. मंडल ने सात प्रमुख ट्रेनों में करीब 20 अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है. इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को अधिक संख्या में कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराना और सफर को सुविधाजनक बनाना है.अब तक त्योहारों और विशेष अवसरों पर ट्रेनों में अस्थायी अतिरिक्त कोच लगाए जाते थे. लेकिन नए प्रस्ताव के लागू होने के बाद इन ट्रेनों में स्थायी तौर पर अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे. इससे वेटिंग टिकट की संख्या में कमी आने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़े : कोल्हान-सारंडा में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका, 25 नक्सली करेंगे सरेंडर

जुड़ेंगे 20 अतिरिक्त कोच
रेल मंडल के अनुसार जिन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे उनमें 12877 रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस. 18640 रांची-आरा एक्सप्रेस. 18619 रांची-गोड्डा एक्सप्रेस. 18622 हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस. 18603 रांची-गोड्डा वाया भागलपुर एक्सप्रेस. 18631 रांची-चोपन एक्सप्रेस और 18635 रांची-सासाराम एक्सप्रेस शामिल हैं. रेल अधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों में सामान्य दिनों में भी लंबी वेटिंग देखने को मिल रही थी. कई ट्रेनों में वेटिंग 100 से 300 तक पहुंच जाती थी. जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था. ऐसे में अतिरिक्त कोच जोड़ने से यात्रियों को राहत मिलेगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी.
इसे भी पढ़े : झारखंड में आग उगल रहा मौसम, कई जिलों में 40 डिग्री पार तापमान
रेल मंडल की इस पहल को यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. खासकर त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में इसका सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा.
