BOKARO : बोकारो के बी.एस.सिटी सेक्टर 4 जी की रहने वाली छात्रा प्रिया कुमारी के पिता के सड़क दुर्घटना में घायल हो जाने के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया. इस विपरीत परिस्थिति में प्रिया ने अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा नहीं छोड़ी और प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई.
इसे भी पढ़ें : बाल विवाह के प्रति जागरूकता के लिए नवनियुक्त चौकीदारों ने किया नुक्कड़-नाटक
सोशल मीडिया से प्रशासन तक पहुंची आवाज
प्रिया की समस्या सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई, जिस पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए चास अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
एसडीओ ने की सीधी बातचीत, समझी पूरी स्थिति
निर्देश के अनुपालन में एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा ने प्रिया से सीधे बातचीत कर उसकी समस्याओं को विस्तार से जाना और उसके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाया.
विशेष परीक्षा आयोजित कराने का निर्देश
प्रिया की पढ़ाई बाधित नहीं हो, इसके लिए एसडीओ ने संत रविदास पब्लिक स्कूल के प्रबंधन से बात की. प्रबंधन ने मई माह के प्रथम सप्ताह में प्रिया के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने पर सहमति जताई है, ताकि वह अपनी शैक्षणिक प्रगति जारी रख सके. इस दौरान प्रिया को परीक्षा की तैयारी करने को कहा है.
आगे की पढ़ाई के लिए नामांकन सुनिश्चित
चूंकि संत रविदास पब्लिक स्कूल केवल कक्षा 8 तक ही संचालित है, इसलिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को निर्देशित किया गया है कि प्रिया का नामांकन आगे की पढ़ाई के लिए उच्च विद्यालय लकड़ाखंदा में कराया जाए.
पिता के इलाज के लिए भी प्रशासन सक्रिय
प्रशासन द्वारा प्रिया कुमारी के घायल पिता के बेहतर इलाज की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में राहत मिल सके.
इसे भी पढ़ें : छात्रों को बड़ी राहत: पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति में आवेदन सुधार की तिथि बढ़ी
जरूरतमंदों के साथ प्रशासन
जिला प्रशासन ने पुनः यह स्पष्ट किया है कि शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता उसकी प्राथमिकता है, और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ मदद उपलब्ध कराई जाती रहेगी.
