Nakib Ziya
RANCHI : पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (सत्र 2024-25) के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. सरकार ने ई-कल्याण पोर्टल पर आवेदन में सुधार (एडिट) की अंतिम तिथि बढ़ा दी है, जिससे अब छात्र अपनी त्रुटियों को ठीक करने के लिए अतिरिक्त समय पा सकेंगे.
इसे भी पढ़ें : उत्पाद सिपाही पेपर लीक केस: 28 आरोपियों की जमानत पर सुनवाई, कोर्ट ने मांगी केस डायरी
25 अप्रैल तक आवेदन में सुधार
नए आदेश के अनुसार, छात्र 25 अप्रैल 2026 तक अपने आवेदन में सुधार कर सकते हैं, जबकि आवेदनों के सत्यापन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तय की गई है. विभाग ने सभी जिला कल्याण पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि तय समयसीमा के भीतर सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर आवेदन लंबित न रहने दें. आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी आवेदन पत्रों को निर्धारित समय के भीतर अपडेट कर अंतिम रूप देना अनिवार्य होगा, ताकि पात्र छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके.
कोई भी छात्र योजना से वंचित न रहे
सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी छात्र केवल तकनीकी त्रुटियों के कारण इस योजना से वंचित न रह जाए. इस फैसले से खास तौर पर उन छात्रों को राहत मिलेगी, जिनके आवेदन किसी कारणवश अधूरे रह गए थे या जिनमें त्रुटियां पाई गई थीं, इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते ई-कल्याण पोर्टल पर लॉगिन कर अपने आवेदन की जांच कर लें और आवश्यक सुधार कर अंतिम रूप से सबमिट कर दें, क्योंकि निर्धारित समयसीमा के बाद किसी भी प्रकार का बदलाव संभव नहीं होगा.
इसे भी पढ़ें : रांची डीसी पर कोर्ट की सख्ती, आदेश की अनदेखी पर 10 हजार का जुर्माना
