Arafat
PAKUR : समाहरणालय स्थित सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इस अवसर पर सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से शाल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया. बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित योजनाओं की प्रगति, बुनियादी सेवाओं की उपलब्धता एवं जनसमस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई. सांसद ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर झारखंड भाजपा में उत्साह, नेताओं ने दी बधाई

समीक्षा के दौरान प्रमुख निर्देश
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया. बिजली विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जियापानी ग्रिड के सभी 17 टावरों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है. आगामी दो-तीन दिनों में परीक्षण किया जाएगा तथा इस माह के अंत तक ग्रिड चालू होने की संभावना है, जिससे जिले में बिजली समस्या का समाधान होगा. स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को और बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया गया. शिक्षा विभाग के अंतर्गत बताया गया कि सभी विद्यालयों में 541 पंखे लगाए जा चुके हैं तथा छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है. माननीय सांसद ने सभी थानों में भी महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कृषि विभाग द्वारा 375 हेक्टेयर फसल क्षति का प्रतिवेदन विभाग को भेजे जाने की जानकारी दी गई. साथ ही केसीसी के तहत पूर्व में अस्वीकृत आवेदनों को सुधार कर पुनः स्वीकृत किया जा रहा है. माननीय सांसद ने कोल कंपनियों को अमड़ापाड़ा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान हेतु बोरिंग कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने संबंधित विभाग को कोल कंपनियों एवं प्रखंड प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थानों पर बोरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि डीएफओ कार्यालय स्थित शहरकोल पंचायत के दुर्गापूर मौजा में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें अब तक लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है. सांसद द्वारा कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि पाकुड़िया एवं महेशपुर के लिए भी प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है.
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सांसद द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. जिले में संचालित सभी योजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जवाबदेही के साथ पूर्ण करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.”
इसे भी पढ़ें : अपराधियों तक पुलिस की पहुंच होगी तेज, 18 नई बाइकों को विभिन्न थानों के लिए किया गया रवाना

लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का हुआ वितरण
बैठक के दौरान सांसद, विधायक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद अध्यक्ष के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया गया.
स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को पोषण किट,समाज कल्याण विभाग द्वारा सेविका एवं सहायिका को नियुक्ति पत्र, आवास योजनाओं के लाभुकों के बीच चाभी का वितरण किया गया तथा मनरेगा के लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए. इसके अतिरिक्त आपूर्ति विभाग द्वारा हरा कार्ड, सोना-सोबरन धोती-साड़ी एवं पॉश मशीन, उद्योग विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजना का लाभ, सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन स्वीकृति पत्र, जेएसएलपीएस द्वारा 37 लाख रुपये का सामुदायिक निवेश निधि डमी चेक, आईटीडीए द्वारा वन पट्टा, छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र, खेलो इंडिया के खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट तथा मत्स्य एवं पशुपालन विभाग द्वारा योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया. सांसद ने निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन अगली बैठक से पूर्व शत- प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

बैठक में ये भी थे मौजूद
बैठक में विधायक, महेशपुर प्रोफेसर स्टीफन मरांडी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेम्ब्रम, नगर परिषद,उपाध्यक्ष राणा ओझा, परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक सिंह, जिला योजना पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, लिट्टीपाड़ा विधायक प्रतिनिधि एजाजुल इस्लाम, सभी विधायक प्रतिनिधि एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें : Breaking: बोकारो के बहुचर्चित पुष्पा हत्याकांड में पुष्पा की मां ने प्राप्त कंकाल को पुष्पा का होने से किया इनकार
