Arafat
PAKUR : झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता रहे पूर्व मंत्री स्वर्गीय साइमन मरांडी की पांचवी पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को डांगापाड़ा मोड़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुई. जहां पूर्व विधायक दिनेश मरांडी , धर्मपत्नी एगलिना टुडू सहित दर्जनों कार्यकर्ताओ ने दिवंगत नेता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम को लेकर हिरणपुर सहित लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा एवं गोपीकांदर प्रखंड के कार्यकर्ता भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : दूसरे मामले की पेशी पर आए कुर्की वारंट के एक आरोपी को पुलिस ने अदालत से किया गिरफ्तार
झामुमो में पहले निर्वाचित विधायक
साइमन मरांडी का देहांत 13 अप्रेल 2021 को कोलकाता में इलाज के दौरान हो गया था. पूर्व विधायक ने कहा कि दिवंगत नेता ने झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी. इसके अलावा उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना में भी महत्वपूर्ण व निर्णायक स्तर पर कार्य किया था. वह पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे थे. झामुमो में पहले निर्वाचित विधायक भी रहे. साधारण पृष्टभूमि से आगे बढ़ते हुए वर्ष 1974 को लिट्टीपाड़ा के प्रखंड निर्वाचित हुए थे. इसके बाद लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक जीते.
क्षेत्र के लिए एक मजबूत स्तम्भ थे
वहीं झामुमो के बैनर तले दो बार राजमहल सांसद व चार बार विधायक बनकर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि आम लोगों के चहेते दिवंगत नेता ने सामाजिक समरसता को हमेशा अक्षुण्ण रखा. वह क्षेत्र के लिए एक मजबूत स्तम्भ थे. जिनकी कमी आज सभी को खल रही है. वहीं एगलिना टुडू ने बताया कि इनके आशीर्वचन और व्यवहार क्षेत्र में अभी भी स्मरणीय बने हुए हैं. इस अवसर पर सज्जाद अंसारी, बबलू राय, पिंटू मंडल, पप्पू अंसारी, निरंजन मंडल, नोयन मरांडी, ज्योतिन बास्की आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : डीएवी के छात्र गणेश का इसरो ‘युविका’ के लिए हुआ चयन
