Arafat
PAKUR : नगर थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी स्थित प्रधान टोला गांव के 28 वर्षीय कान्हु किस्कू का शव थाना क्षेत्र के ही शहरकोल स्थित एक बंद खदान से बरामद किया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कान्हु किस्कू पिछले चार दिनों से लापता था. परिजन लगातार उसकी खोज कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया. परिजनों को आशंका थी कि वह खदान में डूब गया है.
इसे भी पढ़ें : अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन गिरफ्तार
शुक्रवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खदान की ओर गए तो देखा कि एक शव पानी में तैर रहा है. स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है.
फुटबॉल मैच देखने शहरकोल आया था कान्हु
परिजनों के अनुसार कान्हु किस्कू सोमवार को शहरकोल फुटबॉल मैदान मैच देखने गया था. मैच देखने के बाद सभी लोग अपने घर पहुंच गए, लेकिन कान्हु किस्कू नहीं लौटा. तब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. स्थानीय ग्रामीणों ने कान्हु किस्कू को खदान की ओर जाते देखा था. जिससे परिजनों को शक था कि वह खदान में ही डूब गया है.
इसे भी पढ़ें : मौसम ने ली करवट, अगले 24 घंटे बाद से झुलसाएगी गर्मी
