Aanchal
HAZARIBAG : हजारीबाग से भ्रष्टाचार की एक और खबर सामने आई है जहां भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इंजीनियरों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई जलपथ प्रमंडल बरही में की गई जहां कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को 1.72 लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड ट्रेजरी घोटाला: भाजपा ने हेमंत सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, कहा चारा घोटाले से भी बड़ा घोटाला
बताया जा रहा है कि यह रिश्वत पंचखेरो रिजर्वायर योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के भुगतान के बदले मांगी जा रही थी. इस कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों में डर का माहौल देखा जा रहा है.
मामले की शुरुआत गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र के ब्रजेश कुमार राय की शिकायत से हुई थी. उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी को इस योजना का काम मिला था लेकिन भुगतान के बदले उनसे करीब 5 लाख रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी. पैसा नहीं देने पर काम रोकने और भुगतान अटकाने की धमकी दी जा रही थी. ACB ने शिकायत की जांच की और आरोप सही पाए. इसके बाद ट्रैप टीम ने प्लान बनाकर दोनों इंजीनियरों को पैसे लेते ही पकड़ लिया. फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच हो रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन शामिल है.
इसे भी पढ़ें : डीपीएस, चास का 9वां स्थापना दिवस समारोह, उपायुक्त ने बच्चों को दिया संस्कार और चरित्र निर्माण का संदेश
