Vijay Thakur
GODDA : गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत सनातन ग्राम से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है. बीते शाम अचानक बदले मौसम के बीच तेज आंधी और बारिश के दौरान हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से अशोक राय की 8 वर्षीय पुत्री प्रमिला कुमारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें : जमीन विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या: खंभे से बांधकर लाठी-हथौड़े से पीटा, 3 आरोपी गिरफ्तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय प्रमिला अपनी मां के साथ खेत की ओर गई हुई थी. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बच्ची इसकी चपेट में आ गई और घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई. मां को हल्की चोटें आने की भी सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधाने में जुटे हैं.
सूचना मिलते ही पथरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया. स्थानीय प्रशासन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें. विशेषज्ञों के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के समय खुले खेत, पेड़ के नीचे, पानी के पास या ऊंचे स्थानों पर खड़ा होना बेहद खतरनाक हो सकता है.
इसे भी पढ़ें : रिम्स की जमीन बेचने के फर्जीवाड़े में एसीबी सख्त, कई और सरकारी कर्मियों पर भी कार्रवाई की तैयारी
