Arafat
PAKUR : ईद के पावन अवसर पर जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने विभिन्न ईदगाह, मस्जिदों तथा चौक-चौराहों का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने ईदगाह, गांधी चौक स्थित मस्जिदों एवं हरिणडंगा कब्रिस्तान का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. मौके पर उपस्थित रोजेदारों से मुलाकात कर उन्हें तहेदिल से ईद की शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों को स्नेहपूर्वक गले लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं.
इसे भी पढ़ें : आलमगीर आलम और उनके आप्त सचिव की जमानत याचिका पर सुनवाई 24 मार्च को

निर्भीक होकर त्योहार का आनंद लें- डीसी
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि ईद आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है, जहां लोग गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं. उन्होंने जिलेवासियों से इस पर्व को शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी ईदगाह, मस्जिदों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि आमजन निर्भय होकर त्योहार का आनंद ले सकें. उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैदी के साथ तैनात रहें.

असामाजिक तत्वों पर नजर- एसपी
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में ईद का पर्व मनाया जा रहा है और यह खुशियों, भाईचारे एवं सौहार्द का त्योहार है. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है. इसके अतिरिक्त जिला कंट्रोल रूम से लगातार विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
इसे भी पढ़ें : 21 साल पुराने हत्या के मामले में हाईकोर्ट ने 2 को किया बरी, एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने समस्त जिले वासियों को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं देते हुए अमन-चैन एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की. मौके पर अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी,विशेष कार्य पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी सहित अन्य पदाधिकारी एवं नगर थाना प्रभारी समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
