RANCHI : झारखंड भाजपा में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. भाजपा अपनी प्रदेश कमिटी में महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रही है. इस बार छह से सात महिलाओं को प्रदेश पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी दी जा सकती है. चर्चा है कि किसी महिला प्रदेश महामंत्री का महत्वपूर्ण पद दिया जा सकता है. इस पद के लिए विधायक नीरा यादव और प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा का नाम संभावित बताया जा रहा है. झारखंड भाजपा में यह सांगठनिक बदलाव महिला सशक्तिकरण के लिए अहम माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : ईद और सरहुल को लेकर रांची के ट्रैफिक प्लान में बदलाव

आदिवासी और ओबीसी हित साधने की कोशिश
झारखंड भाजपा में प्रदेश महामंत्री के तीन पद हैं, जिसमें एक पद किसी महिला को दिया जायेगा. ऐसे में रणनीति के तहत किसी आदिवासी या ओबीसी महिला को यह पद दिया जा सकता है. ताकि आदिवासी या ओबीसी राजनीति साधा जा सके. गौरतलब है कि केंद्रीय संगठन से निर्देश है कि एक तिहाई महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए. यदि संभव नहीं हो तो छह से सात महिलाओं को प्रदेश कमेटी में प्रमुख जगह दिया जाए. इन निर्देश के तहत पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा सहित झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से चर्चा के बाद संभावित महिला पदाधिकारियों की सूची बना कर भेज दी गई है.

संभावित महिला पदाधिकारी
नीरा यादव – विधायक
गीता कोड़ा – प्रदेश प्रवक्ता
आरती सिंह – प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा
आरती कुजूर – प्रदेश उपाध्यक्ष
पूर्णिमा साहू – विधायक
सुनीता सिंह – प्रदेश मंत्री
सीमा सिंह – प्रदेश महामंत्री, महिला मोर्चा
मंजू कुमारी – विधायक
शोभा यादव – प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
सीमा शर्मा – पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष
उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 20 दिनों में नई कमिटी की घोषणा हो सकती है.
इसे भी पढ़ें : महागामा नगर पंचायत में चुनाव हारे, लेकिन नहीं हारी हिम्मत! साइकिल पर फिर निकले अखबार वाले दुर्गा सोरेन
