RANCHI : रांची में ईद-उल-फितर और सरहुल को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है. शहर में शनिवार सुबह 6 बजे से ही कई प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया जाएगा और वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा. खासकर हरमू बाईपास रोड, किशोरगंज चौक से रातू रोड, मेन रोड और अपर बाजार जैसे इलाकों में आवाजाही सीमित रहेगी. ईद के मौके पर मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करेंगे, वहीं सरहुल पर शोभायात्राएं भी निकलेंगी, इसलिए प्रशासन ने पहले से ही सख्त इंतजाम किए हैं. भारी वाहनों का प्रवेश पूरे दिन के लिए शहर में प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें रिंग रोड से भेजा जाएगा.
इसे भी पढ़ें : झोपड़ी में जिंदगी काटने को मजबूर तबस्सुम, पति अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी की जंग-फीकी पड़ेगी ईद
त्योहार में घर से निकलने से पहले चेक कर लें रूट प्लान
वहीं दोपहर 12:30 बजे से सरहुल जुलूस खत्म होने तक कई और रास्तों पर पूरी तरह रोक लगा दी जाएगी. शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, कचहरी चौक, सुजाता चौक और मुंडा चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर गाड़ियों का परिचालन बंद रहेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले रूट प्लान जरूर देख लें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें. पार्किंग के लिए भी अलग-अलग जगह तय की गई है, ताकि भीड़भाड़ से बचा जा सके. कुल मिलाकर, त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए यह विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है.
