Arafat
PAKUR : आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गई है. इसी सिलसिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है. बता दें कि रामनवमी, ईद एवं सरहुल पर्व का समय चल रहा है, इन त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध मद्यपान, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. इसी सिलसिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग द्वारा बुधवार देर रात कार्रवाई की गई है.
इसे भी पढ़ें : किशोरी यादव चौक के पास नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण, 14 डिसमिल सरकारी जमीन कराई गई मुक्त
अवर निरीक्षक उत्पाद विक्रम कुमार शाह के नेतृत्व में रद्दीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भुवन शाह (ग्राम श्रीरामगड़िया) एवं हावित हांसदा (ग्राम हुलियापाथर) के दुकानों में छापेमारी की गई. तलाशी के दौरान दोनों दुकानों से कुल 6 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं 5.20 लीटर बियर बरामद किया गया. इस छापेमारी के दौरान दोनों अभियुक्त मौके से फरार हो गए. इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
