Vijay Thakur
GODDA : पथरगामा प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन सोनारचक में शनिवार को महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था.
इसे भी पढ़ें : आदिवासी जमीन पर नहीं बनेंगे विधायक-सांसद के घर, तलाश की जाएगी विवाद मुक्त जमीन

विभिन्न योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उद्योग केंद्र, गोड्डा के महाप्रबंधक रमाकांत चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान समय में सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है. उन्होंने महिलाओं को, स्वरोजगार स्थापित करने के लिए PMFME (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना), PMEGP (प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं, विपणन सुविधाओं तथा उद्यम पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया
उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं अपना उद्यम स्थापित कर सकती हैं. इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, विपणन के आधुनिक तरीकों तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया.
इसे भी पढ़ें : धनबाद नगर निगम: उप महापौर के चुनाव से पहले सिंह मेंशन में नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका समाधान संबंधित पदाधिकारियों द्वारा किया गया. इस अवसर पर EODB प्रबंधक, DEC, BEC सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे. कार्यशाला में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं एवं महिला उद्यमियों ने भाग लिया, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
