BOKARO : बोकारो पुलिस ने जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोरों के गिरोह का खुलासा किया है. बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने चंद्रपुरा थाना में प्रेस वार्ता करते हुए इस बाबत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चन्द्रपुरा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी किए गए कुल 10 टैब और 17 LED टीवी बरामद किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें : रांची मेन रोड हिंसा: चार साल बाद सभी आरोपी बरी, फिर उस दिन का जिम्मेदार कौन.. रांची पुलिस की जांच कहां हुई फेल.?
पुलिस ने गठित की स्पेशल टीम
बीते 4 मार्च 2026 की रात को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीयकृत गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल, जुनौरी के कार्यालय का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 9 टैब चोरी कर लिए थे. इस संबंध में 6 मार्च को चंद्रपुरा थाना में कांड संख्या 21/2026 (धारा 303(2) बीएनएस) दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक सह पुलिस निरीक्षक (बेरमो अंचल) नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. तकनीकी शाखा बोकारो के सहयोग से पुलिस ने हरला थाना क्षेत्र के महुआर बस्ती और बैधमारा में छापेमारी कर दो युवकों को धर दबोचा.
10 टैब और 17 LED टीवी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में करण कुमार रजवार उर्फ भौन्दू (22 वर्ष) महुआर बस्ती, थाना-हरला और सागर कुमार (19 वर्ष) बैधमारा, थाना-हरला है. गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने न केवल जुनौरी स्कूल से चोरी हुए टैब बरामद किए, बल्कि भारी मात्रा में अन्य चोरी का सामान भी जब्त किया. इसमें एलईडी टीवी (43 इंच) 17 पीस, टैब: 10 पीस (आईआरए एवं एसर कंपनी) बरामद किया गया.
गार्डरहित स्कूलों को बनाते थे निशाना
अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे उन सरकारी स्कूलों को निशाना बनाते थे जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होते थे और स्कूल बंद रहता था. बरामद किए गए 17 टीवी नावाडीह, जरीडीह, हरला और पेटरवार थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से चोरी किए गए थे. बरामद सामान बच्चों की शिक्षा के लिए सरकार द्वारा स्कूलों को उपलब्ध कराया गया था.
इसे भी पढ़ें : झारखंड पुलिस को 12 नए थाने सहित 636 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहनों की मिली सौगात
इस सफल अभियान में डीएसपी नवल किशोर सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह, अमरजीत कुमार, कुन्दन कुमार पासवान, प्रवीण कुमार महतो, रंजन कुमार सहित तकनीकी शाखा के कर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
