GUMLA : झारखंड में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक और जान ले ली. गुमला जिले में एक अर्धविक्षिप्त महिला को बच्चा चोर समझ कर बुरी तरह से पीटा गया. जिसके बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. यह घटना समाज में फैल चुके अविश्वास और संवेदनहीनता को उजागर कर रही है, जहां वह महिला चीखती रही कि वह निर्दोष है लेकिन बहरी भीड़ ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया.
इसे भी पढ़ें : रांची के रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में डीजीपी ने आला अधिकारियों के साथ की ‘हाई लेवल’ बैठक

घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक रविवार को गुमला के बिशुनपुर प्रखंड स्थित लबगा लापु गुड़ियादार गांव में देर रात करीब 12 बजे एक अर्धविक्षिप्त महिला गांव में घूमती दिखी. तभी ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध बच्चा चोर समझ कर शोर मचाना शुरू कर दिया, देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई. आक्रोशित भीड़ ने संदिग्ध की जानकारी लेने और पुलिस को सूचना देने के बजाय महिला को पीटना शुरू कर दिया. महिला खुद को निर्दोष बताती रही लेकिन आक्रोशित लोगों ने उसकी एक नहीं सुनी.
पुलिस की कार्रवाई
उक्त घटना की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस इस मामले में 20 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन कर रही है. गुमला एसपी ने लोगों से बच्चा चोरी की अफवाह से दूर रहने और भ्रामक खबरें नहीं फैलाने की अपील की है. उन्होंने लोगों से संदिग्ध की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है.
इसे भी पढ़ें : गोड्डा में हिंसक झड़प, धारदार हथियार से हमला; तीन महिलाएं घायल
