RANCHI : राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एक निजी मेडिकल चार्टर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत करमाटांड़ के जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. रेड बर्ड एविएशन विमान में एक मरीज, मेडिकल टीम और क्रू मेंबर सहित कुल 7 लोग सवार थे. सभी सात लोगों के मौत की खबर है. फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा बड़े पैमाने पर सर्च अभियान और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : गोड्डा के ललमटिया की खाई में गिरा हाईवा, चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार, विमान ने शाम करीब 7:00 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और रात लगभग 8:30 बजे दिल्ली पहुंचना तय था. उड़ान भरने के कुछ समय बाद मौसम खराब होने पर एटीसी से विमान का संपर्क टूट गया था.

स्थानीय लोगों के अनुसार खराब मौसम के कारण विमान हवा में ही लड़खड़ाने लगा और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ करमाटांड़ के घने जंगलों में गिर गया. घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर हैं. संभावित क्षेत्र में खोज और राहत अभियान तेज कर दिया गया है.

बताया जा रहा है कि लातेहार के चंदवा के रहने वाले संजय कुमार एक घटना में आग में झुलस गए थे. जिनका इलाज रांची के अस्पताल में चल रहा था. बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया जा रहा था इसी दौरान खराब मौसम के कारण उनका विमान सिमरिया के करमाटांड़ जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में दो क्रू मेंबर, एक डॉ. सहित सात लोगों की जान चली गई.
इसे भी पढ़ें : नगर निकाय चुनाव: गोड्डा सांसद ने की हेमंत सोरेन की तुलना लालू यादव से
विमान में सवार लोगों के नाम इस प्रकार हैं
कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
कैप्टन सवराजदीप सिंह (पायलट)
संजय कुमार (मरीज)
अर्चना देवी (अटेंडेंट)
धुरू कुमार (अटेंडेंट)
डॉ. विकास कुमार गुप्ता (चिकित्सक)
सचिन कुमार मिश्रा (पारामेडिक)
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि
इस दर्दनाक खबर ने मुझे झकझोर कर रख दिया है. मैंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई और हर संभव संसाधन लगाने का निर्देश दिया है. हमारी प्राथमिकता सभी यात्रियों की सुरक्षित बरामदगी है.
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी सुरक्षित हों और जल्द से जल्द राहत व बचाव कार्य सफल हो. राज्य सरकार पूरी गंभीरता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इसे भी पढ़ें : भीड़-भाड़ वाले बोकारो रेलवे स्टेशन में रविवार की शाम एक युवक की गोली मार कर हत्या
