Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का खेती-किसानी के प्रति लगाव जगजाहिर है। इसकी झलक एक बार फिर देखने को मिली, जब वह रामगढ़ के नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास से निकलकर खेतों की मेड़ से होते हुए धनरोपनी कर रहे किसानों के बीच पहुंचे।मुख्यमंत्री ने कहा, कृषि न केवल अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, बल्कि हमारी पहचान, अस्मिता, संस्कृति और परंपरा की भी वाहक है। किसान खुशहाल होगा, तभी देश और राज्य समृद्ध होंगे। हमारी सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ग्रामीण महिलाओं से संवाद
बारिश के मौसम में खेतों में धनरोपनी के बीच मुख्यमंत्री ने धान की बुवाई कर रही ग्रामीण महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि खेतों की हरियाली किसानों की कड़ी मेहनत का प्रतीक है और जब फसलें लहलहाएंगी, तो यह उनकी मुस्कान का कारण बनेगी।
किसानों की समस्याएं जानी, समाधान का भरोसा दिया
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर किसानों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा, “किसानों का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनसे जुड़कर किसान खुद को सशक्त बना सकते हैं। मैं आपके साथ हमेशा खड़ा हूं, आपकी हर समस्या का समाधान निश्चित तौर पर होगा।”