L19 Desk : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट और उनका लकी नंबर 7 एक बार फिर से चर्चा में आया है। इसकी वजह उनका ग्राउंड में कोई शॉट या उनकी जर्सी पर लिखा नंबर नहीं है, बल्कि इस बार यह दोनों उनके रांची स्थित आवास की वजह से चर्चा में हैं। झारखंड की राजधानी रांची के हरमू रोड पर मौजूद महेंद्र सिंह धोनी का आलीशान मकान का रेनोवेशन किया गया है।
इस रेनोवेशन की उनके फैंस के बीच काफी चर्चा हो रही है, क्योंकि धोनी के इस घर में उनके लकी नंबर और उनके हेलिकॉप्टर शॉट को दिखाया गया है। मकान को बाहर से देखने पर ऐसा लगता है मानों यह उनके फैंस के लिए विशेष तौर पर सजाया गया है। ऐसे में अब देश के युवाओं के चहेते और दुनिया के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के फैंस आते-जाते धोनी का घर देखकर उनके कप्तानी के दिन जरूर याद करेंगे।