L19/Latehar : लातेहार जिला के थाना अंतर्गत मंगरा पंचायत के अमडीहा चंद्रदाहा जंगल से एक शव सोमवार को पुलिस ने बरामद किया। जानकारी के अनुसार शव हड़पड़वा निवासी रवि कुमार राम (पिता सुभेष राम) का है। रविवार की शाम रवि मंगरा पंचायत के अमडीह में लगे साप्ताहिक बाजार करके अपने घर के लिए निकला था, पर वह घर नही पहुंचा।
जिसके कारण उनके परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन इसके बाद भी उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। सोमवार को चंद्रदाहा टोला के पास महिलाओं ने शव देखा और मुखिया विपिन बिहारी सिंह को इसकी जानकारी दी। मुखिया के द्वारा इस घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के शरीर के कई स्थान पर रस्सी के निशान थे। आशंका जतायी जा रही कि युवक की हत्या की गयी है। सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार निषाद व लिलेश्वर पासवान ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो पायेगा।