L 19/DESK : इन दिनों राजधानी समेत पूरा राज्य शीतलहर की चपेट में है। पश्चिमी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में घना कोहरा देखने को मिला,वहीं राजधानी में देर रात कोहरे का असर देखा गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, इसके बाद अगले 2-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 और 18 जनवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां, मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो और उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहेबगंज में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। वर्षा के बाद बादल छंटते ही तापमान में गिरावट की भी बात कही जा रही है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंड हवा ने राजधानी के तापमान में गिरावट ला दी है।
